घनकांत गोगोई की मौत के बाद सीआरपीएफ डीजी जीपी सिंह ने किया न्यूटन के तीसरे नियम का जिक्र
गुवाहाटी, 04 नवंबर (हि.स.)। असम के शिवसागर जिले में पुलिस फायरिंग में होटल बिलास इन हत्याकांड के मुख्य आरोपित घनकांत गोगोई की मौत के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया पर न्यूटन के तीसरे नियम का जिक्र किया है। असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिंह ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि असम में न्यूटन के तीसरे नियम का महत्व कम नहीं हुआ है।
जीपी सिंह ने लिखा, असम में न्यूटन के तीसरे नियम का महत्व कम नहीं हुआ है। इसे जारी रखें। इसके साथ ही उन्होंने एक दिसंबर, 2021 को किए गए अपने पुराने ट्वीट को भी रीपोस्ट किया। उस ट्वीट में लिखा था, हर एक्शन का एक बराबर और उल्टा रिएक्शन होता है- न्यूटन का तीसरा नियम।
वर्ष 2021 का यह ट्वीट नीरज दास उर्फ कोला लोरा की मौत के बाद किया गया था। दास जोरहाट में ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) के नेता अनिमेष भुइयां की मॉब लिंचिंग का मुख्य आरोपित था।
29 नवंबर, 2021 को आसू के स्थानीय शिक्षा सचिव अनिमेष भुइयां पर कथित तौर पर भीड़ ने हमला किया था। बताया जाता है कि वह स्कूटर से गिरे एक बुजुर्ग की मदद करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ मौजूद एक पत्रकार और आसू के एक अन्य सदस्य पर भी हमला किया गया। हमलावरों को लगा था कि युवकों के वाहन की वजह से दुर्घटना हुई है। हमले में गंभीर रूप से घायल भुइयां की बाद में मौत हो गई थी।
इस मामले में गिरफ्तार नीरज दास की एक दिसंबर, 2021 को मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों की बरामदगी से जुड़े एक अभियान के दौरान वह कथित तौर पर पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस के एस्कॉर्ट वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी।
जीपी सिंह की ओर से पुराने ट्वीट को दोबारा साझा करने को घनकांत गोगोई की मौत और वर्ष 2021 की घटना के बीच समानता के संदर्भ में देखा जा रहा है। दोनों ही मामलों में पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपितों की मौत हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय घनकांत गोगोई को बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में शिवसागर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान गौरीसागर के पास उसने कथित तौर पर जांच अधिकारी की सर्विस पिस्तौल छीनने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ उसकी हाथापाई हुई।
शिवसागर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया के मुताबिक, इस दौरान गोली चलने से गोगोई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना में पुलिस टीम का एक अधिकारी भी घायल हुआ, जिसके पैर में गोली लगी है।
उल्लेखनीय है कि घनकांत गोगोई को 26 अक्टूबर को गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस वारदात में होटल के मालिक भराली परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, एक अन्य घायल व्यक्ति का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज चल रहा है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

