home page

24-25 अक्टूबर को आयोजित होगा चलचित्रम् का 10वां राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव

 | 

गुवाहाटी, 09 जून, (हि.स.)। पूर्वोत्तर भारत की अग्रणी सांस्कृतिक संस्था तथा विश्व संवाद केंद्र, असम की सहयोगी संस्था चलचित्रम् द्वारा आयोजित 10वां राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आगामी 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन गुवाहाटी के काहिलीपारा स्थित ज्योति चित्रबन परिसर में होगा। यह जानकारी चलचित्रम् के अध्यक्ष नव ठाकुरिया और सचिव भगवत प्रीतम ने एक प्रेस बयान के माध्यम से दी।

बयान में बताया गया है कि संस्था वर्ष 2017 से लगातार राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी एक मिनट से 25 मिनट तक की अवधि वाली लघु फिल्मों की प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसका मुख्य विषय ‘हमारी विरासत, हमारा गौरव’ रखा गया है। प्रतियोगिता में केवल पूर्वोत्तर भारत के फिल्म निर्माताओं की प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी।

आयोजकों के अनुसार भारतीय विरासत, स्वदेशी समाज, स्वतंत्रता आंदोलन के नायक, महाकाव्य एवं पौराणिक कथाएं, राष्ट्रीय एकता, कला-संस्कृति, पांडुलिपियां, चित्रकला, संग्रहालय, संगीत, साहित्य, जनजातीय उत्सव, ऐतिहासिक धरोहर, सामाजिक सुधार, पारंपरिक खेल, महिला सशक्तिकरण, पारिवारिक मूल्य, योग एवं आयुर्वेद, पर्यावरण, कृषि, शिक्षा, मानवाधिकार तथा पूर्वोत्तर भारत की पर्यटन संभावनाओं जैसे विषयों पर आधारित फिल्मों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त भारतीय कला-संस्कृति, परंपरा, नारी, देशभक्ति, डिजिटल दुनिया, विकास, पर्यावरण, प्रकृति और भारतीय परिवार जैसे विषयों पर आधारित लघु कथा फिल्में, वृत्तचित्र और एनिमेशन फिल्मों को भी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। महोत्सव की विचारधारा से मेल खाने वाली लघु एवं पूर्ण लंबाई की फिल्मों के प्रदर्शन की भी व्यवस्था रहेगी।

प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी संस्था की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। नियमों के अनुसार 1 सितंबर, 2025 से 1 सितंबर, 2026 के बीच निर्मित फिल्में महोत्सव में भाग लेने के लिए पात्र होंगी। प्रविष्टियां 10 जून से 30 जून तक निःशुल्क जमा की जा सकेंगी। 1 जुलाई से 19 जुलाई तक 500 रुपये तथा 20 जुलाई से 2 सितंबर तक 1000 रुपये शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

इस बीच विश्व संवाद केंद्र, असम के सचिव किशोर शिवम ने बताया कि चलचित्रम् के लिए वरिष्ठ पत्रकार नव ठाकुरिया को अध्यक्ष तथा अभिनेता-निर्देशक भगवत प्रीतम को सचिव बनाकर एक पूर्ण कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश