असम के नगांव जिले में 500 रुपये के विवाद में गर्भवती की हत्या, पति फरार
नगांव (असम), 24 मई, (हि.स.)। असम के नगांव जिले में घरेलू हिंसा की घटना सामने आई है, जहां नौ माह की गर्भवती की उसके पति ने हत्या कर दी गई। रविवार काे पुलिस रिपोर्ट में आई यह घटना 22 मई की शाम कठियातली क्षेत्र के समीप हुई।
मृतका की पहचान आकाशीगंगा क्षेत्र की निवासी यासमीन बेगम के रूप में हुई है। आरोप है कि यासमीन अपने पति अजीम उद्दीन के साथ एक ई-रिक्शा में यात्रा कर रही थीं, तभी दोनों के बीच 500 रुपये को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लिया।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, आरोपी पति ने कथित रूप से यासमीन को ई-रिक्शा से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पेट में पल रहे 9 माह के बच्चे की भी इस दौरान मौत हो गई। आरोपित ने इस घटना को सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की।
हालांकि, घटना के बाद आरोपी अजीम उद्दीन मौके से फरार हो गया। नगांव पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

