कोकराझाड़ में ट्रक से 30 हजार बोतल अवैध कोडीन सिरप बरामद, चालक गिरफ्तार
कोकराझाड़ (असम), 24 मई (हि.स.)। असम के कोकराझाड़ जिला में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पशु आहार ले जा रहे एक ट्रक से करीब 30 हजार बोतल अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। यह कार्रवाई गुवाहाटी सीमा क्षेत्र के गोसाईगांव में लगाए गए नाका चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस को ट्रक पर संदेह होने के बाद उसे रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध कोडीन सिरप की खेप बरामद हुई। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
असम पुलिस की इस कार्रवाई को राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस अब इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे गिरोह तक पहुंचने के लिए विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

