home page

नवनिर्वाचित 82 विधायकों का सम्मान करेगी असम भाजपा

 | 
नवनिर्वाचित 82 विधायकों का सम्मान करेगी असम भाजपा


गुवाहाटी, 24 मई (हि.स.)। हाल ही में सम्पन्न हुए 2026 असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी ने 82 नवनिर्वाचित विधायकों के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम आगामी 26 मई को शाम 6 बजे गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा।

इसी दिन सुबह 10 बजे श्रीश्री दामोदरदेव आडिटोरियम में राज्यभर के जिला एवं मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति में एक विशेष संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की जाएगी।

पार्टी मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी बयान के अनुसार भाजपा असम प्रदेश कार्यक्रम के दौरान 39 संगठनात्मक जिलों और 433 मंडलों के अध्यक्षों को भी विशेष रूप से सम्मानित करेगा। यह जानकारी पार्टी प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने साझा की।

प्रवक्ता ने कहा कि असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का श्रेय पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और समर्पण को जाता है। उन्होंने बताया कि राज्यभर के 31,486 बूथों पर कार्यरत लगभग 65 लाख सदस्यों और करीब 72 हजार सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी को यह ऐतिहासिक जनादेश दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने यह भी कहा कि 2021 विधानसभा चुनाव की तुलना में भाजपा ने इस बार लगभग पांच प्रतिशत अधिक मत प्राप्त किए। 2026 चुनाव में कुल 38 प्रतिशत वोट हासिल कर जनता की सेवा का एक और अवसर प्राप्त किया।

पार्टी के अनुसार, जिला एवं मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और त्याग को सम्मान देने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की गई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दिलीप सैकिया, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, मोर्चा प्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष तथा कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश