गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ में दो दिवसीय गायनेकोलॉजिकल एंडोस्कोपी वर्कशॉप सफलतापूर्वक संपन्न
कठुआ, 24 मई (हि.स.)। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ में आयोजित दो दिवसीय गायनेकोलॉजिकल एंडोस्कोपी कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। “ईगल प्रोजेक्ट-प्रत्येक महत्वाकांक्षी स्त्री रोग विशेषज्ञ एंडोस्कोपी सीखता है” के तहत आयोजित इस कार्यशाला में फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष डॉ. मिनाक्षी राणा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया और कठुआ के विधायक डॉ. भरत भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा व्याख्यान, केस आधारित चर्चाएं और लाइव सर्जरी डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किए गए जिससे प्रतिभागियों को आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी मिली।
विशेषज्ञ टीम ने जटिल स्त्री रोग सर्जरी के सुरक्षित और प्रभावी तरीकों का प्रदर्शन भी किया। डॉ. अत्री और डॉ. राणा ने इस पहल को चिकित्सकीय कौशल बढ़ाने और मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मिनाक्षी राणा, डॉ. मधु डिग्रा और डॉ. शालू जमवाल सहित पूरे विभाग की अहम भूमिका रही। यह कार्यशाला उन्नत सर्जिकल प्रशिक्षण, अकादमिक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

