दलाई लामा के 90वें जन्मदिन पर जम्मू में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
जम्मू, 6 जुलाई (हि.स.)। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा तेनजिन ग्यात्सो के 90वें जन्मदिन के अवसर पर जम्मू में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु की कामना की। कार्यकर्ताओं ने उनके शांति, करुणा और सद्भावना के संदेशों को पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत बताया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आर.एल. कैथ ने इस अवसर पर कहा कि दलाई लामा सच्चे अर्थों में आशा की किरण हैं। हम उनके मार्गदर्शन और शिक्षाओं के लिए गहराई से आभार व्यक्त करते हैं। हम प्रार्थना करते हैं कि वे स्वस्थ और प्रसन्न रहें तथा मानवता के संदेश को यूं ही फैलाते रहें।
कैथ ने अपने साथियों को दलाई लामा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे तिब्बती बौद्ध धर्म के सर्वोच्च आध्यात्मिक गुरु हैं। 1959 से पूर्व वे तिब्बत के आध्यात्मिक और धार्मिक प्रमुख थे। बाद में उन्होंने भारत के धर्मशाला में निर्वासित तिब्बती सरकार (सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन) का नेतृत्व किया। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर आशा जताई कि दलाई लामा की शिक्षाएं विश्वभर में शांति और भाईचारे को बढ़ावा देती रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा