home page

एनसीसी के युवा आज भारत की शक्ति और उसके भविष्य के निर्माता दोनों हैं :उपराज्यपाल

 | 
एनसीसी के युवा आज भारत की शक्ति और उसके भविष्य के निर्माता दोनों हैं :उपराज्यपाल


श्रीनगर, 24 मई (हि.स.)।उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज जम्मू कश्मीर और लद्दाख स्थित राष्ट्रीय कैडेट कोर निदेशालय द्वारा आयोजित 'विशेष राष्ट्रीय एकता शिविर' में भाग लिया। देश भर से आए एनसीसी कैडेटों से बातचीत के दौरान उपराज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि यह विशेष शिविर भारत की भावना का जीवंत प्रतीक है जहां प्रत्येक कैडेट न केवल इतिहास का साक्षी बन रहा है बल्कि सक्रिय रूप से इसे आकार भी दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी आशा और विश्वास युवाओं में रखता है, इस विश्वास के साथ कि युवा पीढ़ी राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। एनसीसी कैडेटों को एनसीसी के मूल्यों को अपनाकर और समुदायों में इनका प्रसार करके इस विश्वास का सम्मान करना चाहिए।

उपराज्यपाल ने कहा कि ji एनसीसी के युवा आज भारत की शक्ति और उसके भविष्य के निर्माता दोनों हैं। उन्होंने कहा कि युवा तेजी से बदलते हुए विश्व के उत्तराधिकारी हैं जो कई देशों को विचलित कर सकता है, लेकिन भारत के युवा आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और इन चुनौतियों का साहस और क्षमता के साथ सामना करने के लिए कौशल से लैस हैं।

उन्होंने कहा कि मैं इस बात पर ज़ोर देना चाहता हूँ कि एनसीसी कैडेटों में असाधारण रचनात्मक ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रबल तत्परता होती है। मैं चाहता हूँ कि इस ऊर्जा को स्पष्ट उद्देश्य की दिशा में निर्देशित किया जाए ताकि आप भविष्य की हर चुनौती का डटकर सामना कर सकें। एनसीसी का आदर्श वाक्य है “एकता और अनुशासन”। इसी आदर्श से प्रेरित होकर आपको अपने राज्यों और क्षेत्रों में एकता को बढ़ावा देने, संवाद और सम्मान के माध्यम से सामाजिक समस्याओं का समाधान करने और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करने के लिए काम करना चाहिए।

उपराज्यपाल ने कहा कि भारत के लिए विविधता सबसे बड़ी शक्ति है और कई शताब्दियों से हमारी सबसे बड़ी शक्ति विविधता को एकता में बदलने, अनेक संस्कृतियों को एक साझा राष्ट्रीय भावना में पिरोने में निहित है।

“विविधता में एकता के मूल्यों और नेतृत्व गुणों को आपने इस शिविर में सीखा है, इनका उपयोग समाज के सुधार में किया जाना चाहिए। महत्वपूर्ण है कि यहां बोया गया देशभक्ति का बीज पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने राज्यों और शहरों के युवाओं तक पहुंचाया जाए।

इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं जिनमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया गया। इस शिविर में देश भर से 340 कैडेट और एनसीसी अधिकारी एक साथ आए।

लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स, महानिदेशक, राष्ट्रीय कैडेट कोर लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह, जीओसी, चिनार कोर, मेजर जनरल अनुपिंदर बेवली, अतिरिक्त महानिदेशक एनसीसी जम्मू-कश्मीर और लद्दाख निदेशालय, मेजर जनरल अभिजीत मित्रा, जीओसी 31 उप-क्षेत्र, अंशुल गर्ग संभागीय आयुक्त कश्मीर, श्रीनगर के एसएसपी डॉ. जीवी संदीप चक्रवर्ती, श्रीनगर के उपायुक्त अक्षय लबरू, कश्मीर के विद्यालय शिक्षा निदेशक नसीर अहमद वानी, महाविद्यालय निदेशक प्रोफेसर शेख एजाज बशीर, एनसीसी निदेशालय, सेना, पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और देश भर से एनसीसी कैडेट उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह