50 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों की शुरुआत की
जम्मू, 09 जून (हि.स.)। आरएस पुरा-जम्मू साउथ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 68 की लेन नंबर 16/56 में 50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली लेनों और नालियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह कार्य क्षेत्र के विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना के मार्गदर्शन में शुरू किया गया जबकि उद्घाटन जिला महासचिव राकेश संग्राल ने किया। इस अवसर पर राकेश संग्राल ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, जल निकासी तंत्र को मजबूत करने तथा स्थानीय निवासियों के लिए बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त लेनों, अपर्याप्त नालियों और बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए यह कार्य शुरू किया गया है।
उन्होंने विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना का संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कई लेन एवं नाली परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं जबकि अनेक कार्य प्रगति पर हैं। संग्राल ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए डॉ. नरेंद्र सिंह रैना और राकेश संग्राल का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

