नाबालिग लड़की की मौत प्रथम दृष्टया बलात्कार और हत्या का मामला: एसएसपी बडगाम
बडगाम, 24 मई (हि.स.)। पुलिस ने रविवार को कहा कि मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के गलवानपोरा की 12 वर्षीय लड़की की मौत प्रथम दृष्टया बलात्कार और हत्या का मामला है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए सभी संसाधन लगाए जा रहे हैं।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसएसपी बडगाम हरिप्रसाद के.के. ने बताया कि बडगाम पुलिस स्टेशन को 23 मई की रात लगभग 10:00 बजे नाबालिग लड़की के लापता होने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने नाबालिग बच्चे के अपहरण से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की और रात भर व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
एसपी बडगाम ने कहा, आज सुबह लगभग 7:15 बजे लड़की का शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर एक स्थान से बरामद किया गया। उन्होंने आगे बताया कि सभी चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
इस समय प्रथम दृष्टया यह बलात्कार और हत्या का मामला प्रतीत होता है और कानून की सभी संबंधित धाराएं जोड़ दी गई हैं।
एसपी ने बताया कि जांच फिलहाल प्रारंभिक चरण में है और पुलिस शव मिलने वाले क्षेत्र और उसके आसपास व्यापक तलाशी अभियान चला रही है।
उन्होंने बताया कि शव मिलने के स्थान के लगभग एक किलोमीटर के दायरे में खोजी कुत्तों को तैनात किया गया है साथ ही आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा, “स्थानीय संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों को जब्त करने और उनकी पुष्टि करने की प्रक्रिया लगातार और साथ-साथ चल रही है।”
जनता से सहयोग की अपील करते हुए एसएसपी ने लोगों से घटना के संबंध में गलत सूचना या अपुष्ट सामग्री न फैलाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यह मामला बुडगाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे सुलझाने के लिए सभी उपलब्ध कर्मियों और जांच विशेषज्ञों को समर्पित किया गया है।
उन्होंने लोगों और मीडिया संगठनों से यह भी अपील की कि वे नाबालिग पीड़िता की पहचान, तस्वीरें या व्यक्तिगत विवरण सोशल मीडिया या समाचार रिपोर्टों में साझा न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

